भाकियू नेता के बेटे से मारपीट, घर पर हमला
छपार(मुजफ्फरनगर)। गांव खुड्डा निवासी भाकियू नेता के बेटे के साथ क्रिकेट खेल रहे तीन भाइयों ने साथियों के साथ मारपीट करते हुए घर पर भी हमला कर दिया। महिलाओं से भी बदसलूकी की गई।
थाना क्षेत्र के गांव खुड्डा निवासी मुरसलीन भाकियू न्याय पंचायत अध्यक्ष है। शुक्रवार दोपहर मुरसलीन परिवार के साथ खेत में गेहूं बो रहा था। इस दौरान गेहूं का बीज कम पड़ा तो उसका बेटा शोएब बाइक पर घर से बीज लेने के लिए चल दिया। रास्ते में क्रिकेट खेल रहे कुछ लड़कों की बॉल शोएब को लग गई, जिसका विरोध करने पर गांव के ही तीन सगे भाइयों ने शोएब के साथ मारपीट कर दी। वहां से शोएब घर पहुंचा तो आरोपी कई साथियों के साथ लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर उसके घर पहुंच गए और शोएब को बाहर खींचकर मारपीट करने लगे। शोर सुनकर घर में मौजूद महिलाएं शोएब को बचाने पहुंची, तो उनके साथ बदसलूकी की गई। बाद में आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित भाकियू नेता ने तीनों सगे भाइयों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।