ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान सतर्कता बरत रहे
मुजफ्फरनगर। कोरोना काल में चल रही ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान स्कूल संचालक पूरी तरह से सतर्कता बरत रहे हैं। जिले में तितावी क्षेत्र के एक स्कूल का फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप बना कर अश्लील सामग्री पोस्ट करने का मामला सामने आया था। पुलिस भी इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
कोरोना काल के चलते बीते छह माह से स्कूल, कॉलेज बंद हैं। ऐसे में पब्लिक स्कूल से लेकर परिषदीय विद्यालयों, माध्यमिक कॉलेजों में बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। गूगल मीट और जूम एप के जरिए ऑनलाइन बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप पर कक्षा वार ग्रुप बना कर पाठ्यक्रम डाला जाता है, जिसका होमवर्क बच्चों को करना होता है। आसपास के जिलों में कुछ ऐसी घटनाएं प्रकाश में आई है, जिसमें ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बनाए गए ग्रुप में अश्लील सामग्री पोस्ट कर दी गई। इसके बाद स्कूल संचालक और प्रधानाचार्य, शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसी घटनाएं न हो इसके लिए पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। जानकारी करने पर स्कूल संचालकों ने बताया कि उन्होंने जो ग्रुप बनाया है, उसमें केवल एडमिन ही मेसेज भेज सकता है। इसके अलावा बच्चों के अभिभावकों से भी फोन पर लगातार बात कर उन्हें दिए जाने वाले होमवर्क के बारे में जानकारी दी जाती है। विगत दिनों तितावी क्षेत्र में इससे इतर ऐसा एक मामला हुुआ था, जिसमें किसी ने एक पब्लिक स्कूल के नाम से फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप बना कर उसमें आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर दी थी। जिसकी शिकायत स्कूल संचालक और शिक्षकों ने तितावी पुलिस से की थी।
इन्होंने कहा---
- ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान टीचर के साथ अभद्रता करने या आपत्तिजनक पोस्ट डालने का कोई मामला जिले में दर्ज नहीं है। ऐसी कोई शिकायत भी नहीं आई है। तितावी के मामले की जांच कराई जा रही है।
-अभिषेक यादव एसएसपी