बीडीओ ने जांच कमेटी गठित की
मुजफ्फनगर, जानसठ। एडीओ पंचायत पर पांच करोड़ की हेराफेरी के लगाए गए आरोप की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत को अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
जानसठ ब्लॉक के गांव हाशमपुर के ग्राम प्रधान रवि ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के पोर्टल और संबंधित अफसरों को भेजी शिकायत में एडीओ पंचायत मुकुट राज पर गांवों में विकास कार्यों के नाम पर पांच करोड़ की हेराफेरी करके ग्राम निधि के खाते से निकालने का आरोप लगाया था। 25 लाख रुपये ग्राम हाशमपुर के ग्राम निधि खाते से भी निकाले गए। आरोप है कि गांव में किसी प्रकार का कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। 25 दिसंबर 2020 को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल पूर्ण हो चुका था। इसके बाद एडीओ पंचायत को ग्रामों का प्रशासक नियुक्त किया गया था। ग्राम प्रधान ने इसकी जांच कराने की मांग की थी।
मुख्यमंत्री पोर्टल की शिकायत को शासन के अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश किए गए हैं। बीडीओ ने शुक्रवार को जांच के लिए कमेटी गठित की। जांच कमेटी में एडीओ कॉपरेटिव विकास यादव और जेई आर रेड्डी को नियुक्त किया है।
कोट
शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने के लिए जांच कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी जांच कर अपनी जांच रिपोर्ट प्रेषित करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। - संत प्रकाश सिंह, बीडीओ