बसेड़ा की कबड्डी टीम ने खिताब जीता
मोरना (मुजफ्फरनगर)। गांव चौरावाला में आयोजित चौधरी चरणसिंह मेमोरियल कबड्डी प्रतियोगिता में बसेड़ा ने हरियाणा को हराकर कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। मुख्य अतिथि जिला कुश्ती संघ सचिव अमित राठी ने विजेता टीम को नकद 21 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये सहित ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बेस्ट रेडर आशीष नागर हरियाणा, बेस्ट डिफेंडर टिकंल बसेड़ा को विशेष पुरस्कार से नवाजा गया।
चौरावाला गांव के खेल मैदान पर चल रही कबड्डी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में हरियाणा ने बसेड़ा-बी टीम को 28-23, बसेड़ा-ए ने छतेवा मेरठ को 29-25 से, नारसन ने शाल्हाखेड़ी को 32-27 से व ककराला ने नन्हेड़ी गांव की टीम को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रथम सेमीफाइनल में हरियाणा की टीम ने शाल्हाखेड़ी को सघर्षपूर्ण मुकाबले में 34-33 से, वहीं द्वितीय सेमीफाइनल में बसेड़ा-ए ने ककराला टीम को 28-26 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में चले रोमांचकपूर्ण मुकाबले में बसेड़ा टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 31-29 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इससे पूर्व, बागपत सीओ अर्जुन अवार्डी अनुज पहलवान, विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन, सदर ब्लाक प्रमुख अमित चौधरी, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेंद्र, प्रधान बहरोज आदि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। गांव बसेड़ा निवासी इदरीश ने बेहतरीन कमेंट्री कर सबका दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के आयोजन में उत्तम चौधरी, बत्तू सिंह, मोनू, सुंदर प्रधान, अंकुर, संदीप पंवार, सुभाष मलिक, रणबीर सिंह, रमेश, नीरज, किरणपाल, महीपाल, यशपाल सिंह आदि का सहयोग रहा।