बार एसोसिएशन बुढ़ाना के चुनाव का बजा बिगुल
बुढ़ाना। बार एसोसिएशन बुढ़ाना की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए बिगुल बज गया है। चुनाव अधिकारियों ने चुनाव कार्यक्रम एसोसिएशन के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया है। चुनाव अधिकारी हरबीर सिंह ने बताया कि इस चुनाव में 117 अधिवक्ताओं के मतदान करने की आशा की जाती है। मतदाता सूची पर आपत्ति मांगी गई है। आपत्ति आने पर ही पता चलेगा कि 117 अधिवक्ताओं में से कोई वोट कटेगा अथवा नहीं।
बार एसोसिएशन बुढ़ाना की वर्ष 2019-20 की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए प्रक्रिया आरंभ हो गई है। चुनाव अधिकारी हरबीर सिंह ने बताया कि बार एसोसिएशन में 117 अधिवक्ताओं का पंजीकरण है। एक अधिवक्ता की सरकारी नौकरी लग गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रकाशन कर नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। नामांकन पत्र प्राप्त करने का समय 19 दिसंबर को 11 बजे से तीन बजे तक का रखा गया है। नामांकन पत्र भरकर जमा करने का समय 20 दिसंबर को 11 बजे से तीन बजे तक निर्धारित हुआ है। नामांकन पत्रों की जांच भी इसी दिन तीन से चार बजे तक होगी। नामांकन पत्र वापसी 21 दिसंबर को 11 बजे से एक बजे तक होगा। उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन भी 21 दिसंबर को तीन बजे कर दिया जाएगा। मतदान, मतगणना व घोषणा 24 दिसंबर को कर दी जाएगी।
चुुनाव कराने में जुटे वकील
बुढ़ाना। बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के चुनाव की घोषणा होते ही अधिवक्ताओं में नई कार्यकारिणी के चुनाव हेतु काफी उत्साह दिखाई दिया। तहसील परिसर में अधिवक्ता अलग-अलग टोली में खड़े होकर रणनीति बताते दिखे। अध्यक्ष व अन्य पदों पर अभी तक दो गुटों के बीच चुनाव होने की संभावना है। बार एसोसिएशन के बुढ़ाना के चुनाव में अधिकतर सीनियर व जूनियर अधिवक्ता अलग-अलग खेमों में बंट जाते हैं। इस चुनाव में भी जातिगत समीकरण हावी होता है।