नोट बंदी को लेकर मच रही आपाधापी में एक बुजुर्ग महिला ने बैंक के बाहर ही दम तोड़ दिया। बीमार चल रही वृद्धा को परिजन रेहड़े में लिटाकर शहर क्षेत्र में शामली रोड स्थित पीएनबी शाखा पर नगदी निकलवाने लाए थे। बैंक के बाहर आते ही उसकी मौत हो गई। घटना से वहां अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों और बैंक वालों से मामले की जानकारी ली। बाद में परिजन शव को लेकर घर चले गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गऊशाला नदी रोड निवासी 95 वर्षीय रामकली पत्नी भोल्लर काफी समय से बीमार चल रही थी। शामली रोड की पीएनबी शाखा में उनका एकाउंट है। उसके खाते में करीब 44 हजार रुपये हैं। नोट बंदी के चलते परिजनों ने उसके खाते से रुपये निकवाले का प्रयास किया, जिस पर बैंककर्मियों ने कहा कि खातेदार का बैंक आना जरूरी है, तभी रुपये मिलेंगे।
शुक्रवार दुपहर पुत्रवधू संजो और पौत्र रवि बुजुर्ग और बीमार रामकली को रेहड़े में लिटाकर बैंक पहुंचे और विड्रॉल फार्म लिया। इसी दौरान रामकली ने दम तोड़ दिया। बैंककर्मी विड्रॉल फार्म पर हस्ताक्षर लेने बाहर आए तब तक वह मर चुकी थी। इस दौरान बैंक पर काफी भीड़ इकट्ठा थी। बैंक में रुपये निकालने आई वृद्धा की मौत होने से वहां अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर अफसर भी दौड़ पड़े। सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह, सीओ सिटी तेजवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर मृतका को देखा। परिजनों और बैंक कर्मियों से इस बाबत जानकारी ली। बाद में परिजन शव लेकर घर लौट गए।
बुजुर्ग महिला काफी दिनों से बीमारी के चलते कोमा में थी। परिजन उसे रेहड़े में डालकर रुपये निकालने बैंक लेकर आए थे, मगर विड्रॉल फार्म पर हस्ताक्षर होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।
-राजेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट।
बैंक पर लाइन में लगी महिला बेहोश
मुजफ्फरनगर। शामली रोड स्थित पीएनबी शाखा पर एक महिला भी अचानक अचेत होकर गिर पड़ी, जिससे वहां पर फिर से अफरातफरी मच गई। रुपये लेने वालों की लाइन लगी थी, जिसमें यह महिला भी शामिल थी। अचानक वह अचेत होकर गिर गई। साथ आए परिजनों ने उसे किसी तरह संभाला। कुछ देर बाद ही उसे होश आ गया, तब बैंक कर्मियों ने उसे रुपये दिए।