खतौली। भोपा क्षेत्र में स्थित एक जमीन का फर्जी मालिक तैयार कर भूमाफियाओं ने बैंक मैनेजर से साज कर 14 लाख रुपये का लोन पास करा लिया। असली भूमि स्वामी को जब मामले की जानकारी हुई तब उसने थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। जांच में खेल खुल गया। पुलिस ने बैंक मैनेजर सहित छह लोगों को हिरासत में लेकर चालान कर दिया।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मुजफ्फरनगर के दक्षिण सिविल लाईन निवासी महावीर की भोपा क्षेत्र में खेती की लगभ 75 बीघा भूमि है। महावीर ने लगभग बीस बीघा जमीन बेच दी, लेकिन उसका दाखिल खारिज नही हो पाया। जिसके बाद भोपा के ही भूमाफिया कृष्णपाल ने अपने साथी अनुज पाल निवासी गालिबपुर हाल निवासी मूलचंद विहार खतौली, शाजिद निवासी खोखनी, रोहित राठी निवासी मनफोड़ा, पंकज निवासी जसौला, एक्सिस बैंक मैनेजर अश्वनी, बैंक कर्मी दीपक कुमार ने मिलकर पंकज के बिहार प्रदेश के रहने वाले नौकर को फर्जी नाम देकर महावीर बनाते हुए आधार कार्ड और पेन कार्ड तक बनवा लिया। बैंक मैनेजर से सांठ गांठ करते हुए साढ़े चौदह लाख रुपये का लोन करा लिया। पुलिस ने एक्सिस बैंक के मैनेजर अश्वनी सहित कृष्णपाल, अनुज पाल, शाजिद, रोहित राठी, और नौकर को पकड़कर उनका चालान कर दिया। बाकी दो की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सड़क दुर्घटना बीमा हड़पने की तैयार की थी योजना
आरोपियों ने महावीर बनाए गए नौकर का एक करोड़ रुपये का सड़क दुर्घटना बीमा भी करा लिया था। योजना यह थी कि नौकर को सड़क दुर्घटना में मृत दर्शाकर बीमे का एक करोड़ रुपये भी हड़पा जाए।