भाकियू सबक सिखाना जानती है:राकेश टिकैत
तितावी। भारतीय किसान यूनियन की क्षेत्र पंचायतों में चल रही पंचायतों के दौरान शनिवार को बालियान खाप के गांव मुकंदपुर में प्राइमरी स्कूल प्रथम में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि कार्यकर्ता कोई भी ऐसा काम न करें, जिससे किसानों को नुकसान हो। किसान एकजुट होकर भाकियू को मजबूत करने का काम करें।
राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि हमारी दीपावली नहीं मनेगी तो हम मिल मालिकों को भी दीपावली भी नहीं मनाने देंगे। बिजली अधिकारी किसानों का उत्पीड़न करने से बाज नहीं आ रहे हैं। यदि वे किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं करेंगे तो भाकियू उन्हें सबक सिखाना जानती है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को साथ लेकर चला जाएगा। भाकियू की देश विदेश में एक पहचान है और मुजफ्फरनगर जनपद भाकियू की कर्मभूमि है। उन्होंने किसानों से प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आह्वान किया। कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौरान लोग गांव छोड़कर शहरों की तरफ बढ़ रहे हैं, किसान भी अपने बच्चों को शहर की तरफ धकेल रहे हैं। यदि यही स्थिति रही तो गांव में खेती करने के लिए किसान नहीं रहेंगे। उन्होंने किसानों से देसी खाद का प्रयोग करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि सभी को मिलकर संगठन को मजबूत करना होगा। पंचायत की अध्यक्षता हाजी इश्तयाक व संचालन सतेंद्र बालियान ने किया। पंचायत में सतेंद्र पुंडीर, सुखपाल सिंह, विपुल निर्वाल, राजेंद्र सैनी, आसिफ प्रधान, अंजुम, अमरजीत, मुकीम, कल्लू, प्रवीण कुमार, सन्नी, भगत सिंह, अरुण, ओमपाल सिंह, सत्यवीर सिंह, सहदेव, आदि मौजूद रहे।