9-मंसूरपुर के गांव जड़ौदा में बिजली कर्मचारियों को बंधक बनाने पर पुलिस से बातचीत करते भाकियू कार्
- फोटो : KHATAULI
भाकियू ने बिजली कर्मचारियों को बंधक बनाया
मंसूरपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने गांव जड़ौदा में विद्युत निगम द्वारा बिना किसी सूचना के घरों के केबल काटने तथा अवैध वसूली का आरोप लगाकर दो बिजली कर्मचारियों को बंधक बना लिया। भाकियू जिलाध्यक्ष ने विद्युत निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ नौ नवंबर को जड़ौदा में भाकियू की पंचायत करने की घोषणा की है।
गांव जड़ौदा में बुधवार को बिजली लाइनमैन नाजर तथा बेगराजपुर बिजलीघर के एसएसओ गोविंद घरों में विद्युत सप्लाई करने वाले केबल काटने लगे। भाकियू कार्यकर्ता अमित ने इसका यह कहकर विरोध किया कि केबल काटने से पहले आपको सूचना देनी चाहिए थी। इस बात पर अमित तथा बिजली कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। बिजली कर्मचारियों ने 100 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया तथा अमित के खिलाफ कहासुनी तथा सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की तहरीर दे दी। इसकी सूचना जब भाकियू के जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान को मिली, तो वे काफी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ गांव जड़ौदा में पहुंचे। वहां उनके नेतृत्व में बिजली के केबल काट रहे दोनों कर्मचारियों को कार्यकर्ताओं ने बंधक बना लिया। बंधक बनाने की सूचना पर काफी संख्या में पुलिस बल भी गांव में पहुंच गया था। जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि बिजली कर्मचारी केबल काटने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे। संगठन के जिलाध्यक्ष ने बिजली के बड़े अधिकारियों से वार्ता की। वार्ता में तय हुआ कि भाकियू कार्यकर्ता के खिलाफ जो तहरीर दी गई है, वह वापस ली जाएगी तथा गांव के लाइनमैन नाजर जो गांव जड़ौदा का रहने वाला है, उसको जड़ौदा गांव से हटाया जाएगा। इस समझौते के बाद दोनों बिजली कर्मचारियों को बंधन मुक्त कर दिया गया। जिलाध्यक्ष ने घोषणा की है कि नौ नवंबर को विद्युत निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जड़ौदा में पंचायत होगी। प्रदर्शनकारियों में जिला महासचिव एहसान त्यागी, मुबारिक, शौकीन त्यागी आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।