मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में महिला शिक्षिका के साथ अभद्रता, मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अपर सत्र न्यायाधीश/एफटीसी कोर्ट नंबर-2 की न्यायाधीश मंजुला भालोटिया ने सुनवाई की।
अभियोजन के अनुसार सहायक अध्यापिका 18 अगस्त को सुबह करीब 7:30 बजे अपनी कार से स्कूल जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में आरोपी दिनेश कुमार उनकी कार के आगे खड़ा हो गया। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ अभद्रता की और अश्लील हरकत की। विरोध करने पर शिक्षिका के साथ मारपीट की गई थी।
विज्ञापन
पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल रिपोर्ट में महिला के शरीर पर पांच चोटों की पुष्टि हुई। पीड़िता ने बीएनएसएस की धारा 183 के तहत दर्ज बयान में भी अभियोजन की घटना का समर्थन किया।
आरोपी की ओर से जमानत अर्जी में खुद को निर्दोष बताते हुए गांव की पार्टीबाजी और रंजिश के चलते झूठा फंसाने का दावा किया गया। दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने आरोपी का जमानत प्रार्थनापत्र निरस्त कर दिया। ब्यूरो