एक्सिस बैंक के एटीएम से दोगुनी रकम निकली
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के मेन रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से दोगुनी रकम निकलने पर लोगों की भीड़ लग गई। एटीएम से दोगुनी रकम निकलने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एटीएम के अंदर लगी भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद एटीएम को बंद करा दिया गया। दोगुनी रकम निकलने से बैंक को 46 हजार रुपये का नुकसान पहुंचा है।
रविवार को कस्बे के मेन रोड पर आशीष धर्म कांटे के बराबर में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से दोपहर को अचानक दोगुनी रकम निकलने लगी। लोगों को बैंक से डबल रकम निकलने का पता चलते ही एटीएम पर पैसे निकालने वालों की भीड़ लग गई। एटीएम पर पैसे निकालने वालों की लगी लाइन से जो भी पैसे निकाल कर आता वह कुछ बताने को तैयार नहीं था। एटीएम से डबल रकम निकालने निकलने और एटीएम पर लगी भीड़ की भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को खदेड़ा और एटीएम को बंद करा दिया गया। कुछ देर बाद एटीएम में बैंक के कर्मचारी पैसे रखने के लिए पहुंचे। बैंक के कर्मचारियों को एटीएम से डबल रुपये निकलने का पता चला, जिसको सुनकर सभी हैरान रहे गए। बैंक कर्मचारियों ने बताया कि एटीएम में कुछ खराबी के कारण पैसे डबल निकले हैं। बैंक के कर्मचारी सुनील कुमार द्वारा एटीएम का केस चेक किया गया, तो उसमें 46 हजार रुपये कम निकले। कर्मचारियों ने फिलहाल एटीएम को बंद करा दिया है।