मुजफ्फरनगर में डीएम डीके सिंह ने निर्वाचन ड्यूटी से गैर हाजिर 116 सेक्टर मजिस्ट्रेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए, उनका एक दिन का वेतन काटने और विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम दिनेश सिंह ने निर्वाचन नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के आठ और नौ अक्तूबर की विशेष तिथि पर विधानसभावार सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए थे। रविवार को कराई गई चेकिंग के दौरान 116 सेक्टर मजिस्ट्रेट गायब मिले। डीएम ने इन सबकी सूची कोषाधिकारी को भेजते हुए सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इन सभी के विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई के लिए लिखा गया है। आठ अक्तूबर के निरीक्षण में बुढ़ाना विधानसभा के 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट गायब मिले। इसी तरह चरथावल के आठ, पुरकाजी के दस, मुजफ्फरनगर के चार, खतौली के आठ, मीरापुर के आठ सेक्टर मजिस्ट्रेट निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले। नौ अक्तूबर को बुढाना में 16, चरथावल में 16, पुरकाजी में 11, मुजफ्फरनगर में चार, खतौली में आठ, मीरापुर में नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट अनुपस्थित मिले। डीएम ने इन सभी 116 सेक्टर मजिस्ट्रेट के खिलाफ कार्रवाई की। डीएम ने बताया कि निर्वाचन के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।