देवबंद। भायला रोड पर सैनिटाइजर का छिड़काव कर रहे सफाई कर्मियों को कार सवार युवकों ने कुचलने का प्रयास किया। कार की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी घायल हो गया। युवकों ने गाली गलौच करते हुए मारपीट की। इस मामले में सफाई कर्मचारी संघ ने थाने पर तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को ईद-उल-फितर के उपलक्ष्य में नगरपालिका के सफाईकर्मी सैनिटाइजेशन कर रहे थे। भायला की तरफ से आई कार में सवार युवकों ने सफाईकर्मियों को टक्कर मार दी। सफाईकर्मी आशु घायल हो गया। विरोध करने पर कार सवार युवकों ने उनके साथ मारपीट की। आशु ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कार से कुचलने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन कार सवार युवक फरार हो चुके थे। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय एवं राज्य सफाई कर्मचारी संघ के नगर महामंत्री दीपक कुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कोतवाल अशोक सोलंकी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।