गांव बुडिना कलां में अज्ञात चोरों द्वारा तोडा गया एटीएम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
एटीएम में चोरी का प्रयास, तोड़फोड़
तितावी। गांव बुड़ीनाकलां में शनिवार देर रात बदमाशों ने इंडीकैश के एटीएम में चोरी का प्रयास करते हुए जमकर तोड़फोड़ कर डाली। रविवार सुबह घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव बुड़ीनाकलां निवासी अशोक तोमर के मकान के बाहरी हिस्से में स्थित दुकान में इंडीकैश का एटीएम लगा हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र होने के नाते एटीएम बूथ पर कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं है। इसका फायदा उठाते हुए शनिवार देर रात बदमाश एटीएम बूथ में जा घुसे और उसमें चोरी का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी के तार काट डाले, जिसके बाद कैश निकालने के लिए मशीन के केबिन में तोड़फोड़ की गई। काफी मशक्कत के बावजूद बदमाश केबिन तोड़कर कैश चोरी नहीं कर पाए तो एटीएम की स्क्रीन में भी तोड़फोड़ कर फरार हो गए। रविवार सुबह ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त एटीएम बूथ देख पुलिस को घटना की सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेने के साथ ही फोरेंसिक एक्सपर्ट्स को बुलाकर मशीन से फिंगरप्रिंट भी संकलित किए। एसएसआई वीरेंद्र यादव ने बताया कि एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद बदमाशों को चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।