विवाहिता की हत्या की कोशिश
भोपा (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के निकट रजबहे की पुलिया के पास कार सवार ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नवविवाहिता को मारपीट के बाद घायलावस्था में फेेंककर फरार हो गए। परिजनों ने हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है।
भोपा कस्बे के पास रजबहे की पुलिया के निकट बुधवार शाम एक महिला घायलावस्था में सड़क किनारे पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को ले जाकर सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां महिला ने खुद को गांव करहेड़ा निवासी विपिन की बेटी आयुषी बताया। सूचना पर महिला के परिजन सीएचसी पहुंचे और उससे घटना की जानकारी ली। इसके बाद पिता विपिन ने तहरीर देकर बताया कि उसने बेटी आयुषी की 24 मई को ही गांव मीरापुर खुर्द निवासी युवक के साथ की थी। वर्तमान में वह परिवार के साथ दिल्ली में रह रहा है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता का उत्पीड़न कर रहा है। कुछ दिन पहले ही पति आयुषी को मायके से ले गया था। बुधवार को पति आयुषी को लेकर कार से अपने पैतृक गांव मीरापुर खुर्द आने के लिए निकला था। आरोप है कि चलती कार में आयुषी से मारपीट कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया। इसके बाद घायलावस्था में उसे कार से फेंककर फरार हो गए। पिता ने आरोपी पति व उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।