महिला पर तेजाब फेंकने का प्रयास
खतौली। एक व्यक्ति ने अपने दामाद पर उसकी बेटी के ऊपर तेजाब फेंकने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
गुर्जर कॉलोनी निवासी राजकुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री स्वाति की शादी लवकुमार निवासी मेरठ के साथ की थी। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी पुत्री के साथ मारपीट की जाती थी, जिसका मुकदमा खतौली थाने में दर्ज कराया गया था। आरोप है कि बृहस्पतिवार को जब उनकी पुत्री घर पर अकेली थी, तभी बाइक से आए लवकुमार ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उनकी पुत्री पर तेजाब फेंकने का प्रयास किया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस घटना के बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मोहल्लेवासियों से पूछताछ की। पुलिस वहां पर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने में लगी है।