सात साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। कस्बा निवासी युवक ने घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची को एकांत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों से भी मारपीट का प्रयास किया गया।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी सात साल की बेटी बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि मोहल्ले का ही युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर एकांत में ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों को देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। बच्ची के पिता का आरोप है कि जब वे युवक के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो उसके परिजनों ने मारपीट का प्रयास करते हुए धमकियां दी। इस मामले में पीड़ित व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर एचएन सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।