चरथावल के दधेडू की हॉटस्वाट गली को बल्लियां लगाकर किया बंद।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चार महिलाओं सहित 11 को भेजा क्वारंटीन केंद्र
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। महाराष्ट्र से लौटे युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ग्राम पंचायत की ओर से दधेडू कलां में सैनिटाइजेशन कराया गया। कोरोना प्रभावित मिलने वाले इलाके की गलियों की नाकेबंदी की गई। स्वास्थ्य विभाग की 25 टीमों ने पूरे गांव में डोर-टू-डोर सर्वे किया और पीड़ित के परिजनों में दो महिलाओं सहित नौ लोगों को आईजी पब्लिक स्कूल में क्वारंटीन कर दिया।
सीएचसी प्रभारी डा. सतीश कुमार के नेतृत्व में पूरे गांव में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ डोर-टू-डोर करीब 600 मकानों का सर्वे कराया गया। बुखार, जुकाम और खांसी के मरीजों का चेकअप किया गया। टीम ने पीड़ित परिवार के छह सदस्यों में दो महिलाओं के अलावा संपर्क में आने वाले तीन लोगों को क्वारंटीन केंद्र पर एकांतवास कर दिया। सभी के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भिजवाए जाएंगे। डा. यासीर, डब्लूएचओ फील्ड मॉनिटर नवीन कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं, प्रधान के पति शहजाद ने बताया कि गांव में सैनिटाइजर कराया जा रहा है। पीड़ित से जुड़ी गलियों में बल्लियां लगाकर सामान्य आवागमन पर रोक लगा दी गई है। ग्राम पंचायत अधिकारी गौरव बालियान का सहयोग रहा।