छात्रा को बदनीयती से खेत में खींचने का प्रयास
भोपा (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के एक गांव में कॉलेज जा रही छात्रा को एक युवक ने बदनीयती से पकड़कर खेत में खींचने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी छात्रा को चेहरे पर तेजाब डालने व परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। इस घटना के छह दिन बाद पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी वृद्ध ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी तीन पौत्रियां हैं, जो एक साथ स्कूटी से मुजफ्फरनगर मार्ग पर स्थित एक कॉलेज में पढ़ती हैं। छात्राओं के इकलौते भाई व पिता की कुछ समय पूर्व एक हादसे में मौत हो गई है, जिसके बाद दादा ही उनकी देखभाल करते हैं। पीड़ित के अनुसार गांव का ही अब्दुल कलाम छात्राओं के कॉलेज आते-जाते समय रोजाना उनके साथ छेड़छाड़ करता है। कई बार उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी हरकतें लगातार जारी हैं। आरोप है कि 17 अक्तूबर को बड़ी पौत्री स्कूटी से कॉलेज जा रही थी। जैसे ही वह गांव से बाहर निकली, वहां पहले से खड़े आरोपी अब्दुल कलाम के भाई तंजीम ने उसकी स्कूटी रोक ली। आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करते हुए उसे खेत में खींचने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े तक फाड़ डाले। शोर मचाने पर आसपास से ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी छात्रा को चेहरे पर तेजाब डालने व परिवार समेत जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता ने तत्काल घर लौटकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कई दिन तक लगातार चक्कर काटने के बाद थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपी भाइयों अब्दुल कलाम व तंजीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।
इन्होंने कहा ........
भोपा इंस्पेक्टर एमएस गिल का कहना है कि छात्रा के परिजन आज ही उनसे आकर मिले थे, जिनकी तहरीर पर मुकदमा कायम करा दिया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में मामला आपसी विवाद का भी लग रहा है। जांच की जा रही है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।