मोरना (मुजफ्फरनगर)। परीक्षा देने जा रही छात्रा का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण करने की कोशिश की। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर मौके पर एक आरोपी को पकड़ पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। इस बीच एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता के पिता ने दो आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 12 की दलित छात्रा जानसठ-मोरना मार्ग से पैदल ही ककरौली इंटर कालेज में परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने छात्रा का हाथ पकड़ कर जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्रा ने शोर मचाते हुए विरोध जताया। तब खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी युवकों की घेराबंदी की। इस पर एक युवक रितिक पुत्र जयप्रकाश निवासी लावड़, थाना इंचौली मेरठ को मौके पर पकड़ कर जमकर पीटा और बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया। ककरौली थाना के गांव खाईखेड़ी निवासी कार्तिक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा कायम कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।