जेई से मारपीट के विरोध में तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे अवर अभियंता
- फोटो : DEVBAND
देवबंद(सहारनपुर)। नगर के मोहल्ला किला पर चेकिंग करने गई विद्युत निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं आरोप है कि लोगों ने निगम के अवर अभियंता के साथ मारपीट की और सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विद्युत निगम के अवर अभियंता विजय कुमार शुक्रवार को विद्युतकर्मियों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता के मौखिक आदेश पर वह जेई अरविंद कुमार और अश्वनी कुमार के साथ मोहल्ला किला पर चेकिंग करने के लिए गए थे। आरोप है कि वहां वह एक उपभोक्ता के मीटर की रीडिंग चेक करने लगे। इसी दौरान उक्त उपभोक्ता काफी लोगों के साथ वहां पहुंचा और रीडिंग लेने का विरोध करने लगा। इतना ही नहीं उसने मोबाइल छीनने की कोशिश की तथा चोरी के साक्ष्यों को डिलीट करने का दबाव बनाने लगा। विजय कुमार का आरोप है कि जब इसका विरोध किया गया तो उक्त लोगों ने सरकारी दस्तावेज लेकर फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान फोन करने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें भीड़ के चुंगल से छुड़ाया। विजय कुमार ने पुुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।