रालोद नेता के भाई पर हमला, फायरिंग
मुजफ्फरनगर, खतौली। गांव भैंसी निवासी रालोद नेता के भाई पर कुछ युवकों ने खेतों में ले जाकर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एसएसपी के आदेश पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया है।
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसी निवासी उस्मान चौधरी रालोद नेता है। उस्मान का भाई गुलफाम बुधवार रात गांव में ही इदरीश की किराना की दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि दुकान पर दूसरे वर्ग के कुछ युवक पहुंचे और गुलफाम के साथ गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी गुलफाम को गांव के बाहर जंगल में खींच ले गए, जहां उसके साथ जमकर मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि युवकों ने हत्या के इरादे से गुलफाम पर फायरिंग भी की, लेकिन गोली मिस होने से उसकी जान बच गई। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। रालोद नेता का आरोप है कि घटना की जानकारी इंस्पेक्टर एचएन सिंह को दी गई, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उस्मान ने एसएसपी अभिषेक यादव को घटना की जानकारी दी, जिनके निर्देश पर पहुंची पुलिस ने घायल गुलफाम को ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया। देर रात तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।