घटायन के दो भाइयों राकेश और नवनीत की संपत्ति कुर्क
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने घटायन गांव के दो भाइयों राकेश और नवनीत की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए हैं। इन दोनों पर शराब का बड़े स्तर पर अवैध व्यापार करने का आरोप है। पुलिस द्वारा गैंगस्टर की कार्रवाई किए जाने के बाद ये आदेश जारी हुए हैं।
जानसठ थाना क्षेत्र के घटायन गांव निवासी राकेश पुत्र यशपाल के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। उस पर आरोप है कि उसने समाज विरोधी क्रियाकलापों से अर्जित अवैध धन से उत्तरी घटायन में अपनी पत्नी पूजा एवं अपनी माता सुरेंद्री देवी के नाम कुल 0.3252 हेक्टेयर कृषि भूमि, ग्राम गगंसौना थाना फलावदा मेरठ में अपनी पत्नी पूजा के नाम कुल 0.0835 हेक्टेयर कृषि भूमि, खतौली ग्रामीण में खतौली-बुआडा रोड के करीब 800 मीटर दूर अपने भाई नवनीत नाम आवासीय भूखंड 200.86 वर्गगज खरीदा है। पत्नी पूजा के नाम से एक कार, पूजा के नाम से ही एक ट्रक खरीदा है। इस चल-अचल संपत्ति को उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा-14(1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए समस्त संपत्ति कुर्क की जा रही है। अभियुक्त राकेश पुत्र यशपाल निवासी ग्राम घटायन उत्तरी एक शातिर किस्म का अपराधी है तथा थाना जानसठ पर हिस्ट्रीशीटर के रूप में हिस्ट्रीशीट खुली है। इसके द्वारा लूट, चोरी, अपहरण, हत्या एवं अपने गिरोह के सदस्यों को संरक्षण प्रदान कर शराब की अवैध तस्करी जैसे अपराध करने के मुकदमे पंजीकृत है। राकेश पर कुल 36 मुकदमे दर्ज हैं। इसी के साथ इसके भाई के नवनीत पुत्र यशपाल पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। उस पर संगठित गिरोह के रूप में अपराध करने का आरोप है। यह भी आरोप है कि उसने अवैध धन से उसने घटायन में .1626 हेक्टयर कृषि भूमि, ग्राम गगसौना थाना फलावदा मेरठ में .0835 हेक्टेयर कृषि भूमि, एक ट्रक, एक महिंद्रा स्कार्पियों अपने नाम खरीदी है। यह चल-अचल संपत्ति उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत कुर्क की गई है। नवनीत अपने भाई राकेश के गिरोह का सदस्य है। वह भाई के साथ अपराधों में संलिप्त है।