खतौली। गांव कढ़ली में एक नवविवाहिता की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया था, जबकि अन्य कई आरोपी अभी गांव में खुले घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार ने जान माल का खतरा बताते हुए, अन्य हत्यारोपियों की गिरफ्तारी किए जाने की मांग की है।
पीड़ित राजेंद्र शर्मा ने पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि विगत छह दिन पूर्व रुचि शर्मा की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। जिसमें सोनी गुर्जर को नाम दर्ज किया गया था। सोनी गुर्जर की कॉल डिटेल के आधार पर हत्या में साथ देने वाले कढ़ली गांव के कई युवक प्रकाश में आए, लेकिन अभी तक पुलिस ने उनके नाम मुकदमे में नहीं बढ़ाए और न ही उनकी गिरफ्तारी की गई है। हत्या में शामिल युवक खुलेआम गांव में घूम रहे हैं। जिनसे पीड़ित परिवार को जान माल का खतरा बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने हत्या में शामिल अन्य सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी किए जाने की मांग करते हुए जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।