मुजफ्फरनगर। शीतलहर के चलते आम जन-जीवन ठहर सा गया। पूरी दिन शीत लहर चली। रविवार को दिन का तापमान 1.2 डिग्री लुढ़क कर 12.8 पर पहुंच गया। जो मौजूदा सीजन में सर्वाधिक कम माना जा रहा है। रात का तापमान भी 3.8 डिग्री नीचे चला गया। दिन में ठंड के कारण सड़कों पर चहल-पहल कम रही। धूप नहीं निकली ओर घटा जैसे हालात बने रहे। लोगों ने अलाव पर हाथ ताप कर गर्मी पाई। वायु प्रदूषण में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक्यूआई 253 रिकॉर्ड किया गया।
जनवरी माह में अत्याधिक ठंड लोगों को परेशान कर रही है। कई दिन से कोहरा नहीं है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिन के समय में भी दृश्यता कम हो रही रही है। दिन में रोशनी की कमी के कारण दिल्ली-दून हाईवे, मेरठ-करनाल हाईवे, पानीपत-खटीमा हाईवे और सहारनपुर मार्ग समेत जिले के अन्य मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। हैड लाइट जलाकर वाहनों को आगे बढ़ना पड़ा।
ठंड बढ़ने के कारण सार्वजनिक स्थानों जैसे रेलवे स्टेशन, शिव चौक आदि पर लोगों को ठंड से ठिठुरता देखा गया। बाजार और आवासीय कॉलोनियों सहित सार्वजनिक स्थानों पर अलाव पर हाथ ताप कर लोगों ने गर्मी पाई। रविवार को वायु प्रदूषण में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। जनपद में वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़कर 253 पर पहुंच गया।