तितावी। गांव काजीखेड़ा में दो दिन पूर्व हुई अनुज की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने गांव के ही युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी मां के साथ अनुज द्वारा की गई बदसलूकी के चलते उसकी हत्या की बात स्वीकारी है।
तितावी थाना परिसर में रविवार को सीओ बुढ़ाना विनय गौतम ने प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार को गांव काजीखेड़ा में अनुज नामक युवक की ईंटों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या से पहले मौके पर शराब भी पी गई थी और घटनास्थल से दो खून सनी ईंटें और शराब के खाली पव्वे भी बरामद किए गए थे। सीओ ने बताया कि थाना पुलिस ने जांच के बाद गांव काजीखेड़ा निवासी गुड्डू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अनुज ने कुछ समय पूर्व उसकी मां के साथ बदसलूकी कर दी थी। इसकी जानकारी मिलने पर गुड्डू अनुज से रंजिश रखने लगा था। सीओ ने बताया कि शुक्रवार को गुड्डू ने गांव के ही विनोद के साथ अनुज के खेत पर शराब पी। शराब पीने के बाद विनोद घर लौट गया। अनुज का नौकर भी खेत से लौट गया। इसके बाद गुड्डू ने पास ही पड़ी ईंटें उठाकर अनुज के चेहरे व सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी अपनी खून से सनी शर्ट उतारकर अपने घर चला गया और शर्ट को घर के भूसे के कोठे में छिपा दिया। सीओ ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी उसकी शर्ट को भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।