दोस्त की प्रेमिका को ब्लैकमेल करने के प्रयास में खानूपुर के मैकेनिक अनुज कुमार की हत्या की गई थी। दिल्ली-दून हाईवे पर मंसूरपुर में कांवड़ देखने के लिए कॉल कर बुलाया गया। इसके बाद दोस्त की प्रेमिका उसे बंद शराब के ठेके पर ले गई। यहां घात लगाए बैठे प्रेमी और उसके दोस्तों को सौंप दिया। इसके बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। कॉल डिटेल से राज खुला तो पुलिस ने दो बाल अपचारी समेत पांच आरोपियों को पकड़ लिया।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने पुलिस लाइन में बताया कि मृतक अनुज और मुख्य आरोपी दूधाहेडी निवासी अक्षय आपस में दोस्त थे। अक्षय का गांव की ही किशोरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अनुज ने अक्षय के मोबाइल से फोटो की वीडियो बना ली और उसकी प्रेमिका को ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया।
प्रेमिका ने अक्षय को पूरा मामला बताया। बार-बार समझाने पर भी अनुज नहीं माना तो उसकी हत्या की साजिश रची गई। किशोरी ने अनुज को कांवड़ देखने के बहाने बुलाया। अनुज को गुरुकुल स्कूल के पीछे बंद पड़े शराब के ठेके पर लेकर पहुंची। पलक झपकते ही अक्षय और उसके चार साथियों ने अनुज को दबोच लिया और चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने दूधाहेड़ी निवासी अक्षय, अमन व दीपक, किशोरी व एक अन्य किशोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू व किशोरी व उसके प्रेमी के दो मोबाइल बरामद किए।
दोस्ती निभाने के लिए शामिल हुए तीन आरोपी
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी इंटर तक पढ़े हैं। आरोपी किशोरी ने भी इस साल कक्षा 12 पास की है। मृतक के मोबाइल पर किशोरी की कॉल से घटना का खुलासा हुआ। गिरफ़्तार तीन आरोपी अपने दोस्त अक्षय की दोस्ती निभाने के लिए हत्या में शामिल हो गए थे।
ये है मामला
21 जुलाई की सुबह दिल्ली-दून हाईवे पर गुरुकुल स्कूल के पीछे बंद पड़े शराब के ठेके के पास खानूपुर के अनुज का शव पड़ा मिला था। चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।