अंकित शर्मा के हत्यारों को फांसी की सजा मिले: विधायक
खतौली। भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि आईबी के सुरक्षा सहायक अंकित शर्मा के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में दिल्ली में जिन उपद्रवियों ने हिंसा की है, ऐसे लोग देशद्रोही ही हो सकते हैं। उन सबको सजा मिलनी चाहिए।
भूड़ क्षेत्र में शनिवार को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत आयोजित जन औषधि दिवस के कार्यक्रम में पधारे विधायक विक्रम सैनी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि बुढ़ाना के गांव इटावा निवासी अंकित शर्मा इंटेलीजेंस ब्यूरो में दिल्ली में सुरक्षा सहायक के पद पर तैनात थे। उनका परिवार खजूरी में रहता है। 25 फरवरी की शाम को हिंसा में उपद्रवियों ने अंकित शर्मा की हत्या करके शव को नाले में फेंक दिया गया था। अंकित शर्मा के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि सरधना विधायक संगीत सिंह सोम ने अपने बयान में ठीक ही कहा है कि अंकित शर्मा के हत्यारोपियों को चौराहों पर खड़ा कर गोली मार देनी चाहिए। यह उनकी आत्मा की आवाज है। दिल्ली में सीएए के विरोध में जिन उपद्रवियों ने हिंसक घटना की है। ऐसा काम सिर्फ देशद्रोही ही कर सकते हैं। दिल्ली में हिंसा फैलाने वाले उपद्रवियों को चिह्नित किया जाए और उनको सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।