मुजफ्फरनगर में डाक कांवड़ के फंसने के बाद लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के हृदय स्थल शिवचौक पर सोमवार की रात में डीजे कांवड़ फंसने से चार घंटे मार्ग जाम रहा। शिवचौक से लेकर रामपुर तिराहे तक सैकड़ों डीजे कांवड़ और हजारों कांवडिये जाम में फंस गए। सोमवार की रात में एक बजे से लेकर पांच बजे तक कोई अफसर भी मौजूद नहीं मिला। कांवड़ियों ने डीजे से सटे बिजली के पोल उखाड़कर फेंक दिए और पालिका की अस्थायी बेरिके़िडंग उखाड़ दी। रात्रि में कांवड़िय़ों ने जिला प्रशासन की नाकाम व्यवस्था को लेकर हंगामा भी किया।
जिला पुलिस और प्रशासन की लापरवाही से सोमवार रात्रि में चार घंटे तक शहर के अंदर ही जाम रहा। शिवचौक से लेकर रामपुर तिराहे तक डीजे कांवड़ और शिवभक्त कांवड़ियों के फंस जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। शिवसेना के शिविर के बाहर यूनिपॉल और बिजली के खंभे के बीच सबसे पहले एक डीजे कांवड़ करीब 12 बजे फंसी। रात्रि में कांवड़ को निकालने में लोग लगे रहे। इस बीच शिवचौक पर जाने के लिए कांवड़िय़े बराबर के रास्ते से चलते रहे। रात्रि एक बजे के लगभग डीजे कांवड़ों की भीड़ पीछे तक लग गई।
कुछ कांवड़ बराबर के मार्ग से भी शिवचौक तक पहुंच गई। लगभग एक बजे जाम लगना प्रारंभ हो गया। रात्रि में ड्यूटी पर किसी प्रशासनिक अधिकारियों के नहीं होने के कारण अव्यवस्था फैल गई। करी रात दो बजे रास्ता शिवचौक से लेकर रामपुर तिराहे तक पूरी तरह बंद हो गया। पैदल कांवड़ियों का निकलना भी मुश्किल हो गया। कांवड़ियों की भीड़ ने जाम के हालात से निपटने के लिए रात्रि में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज के बाहर से बिजली का खंभा उखाड़ दिया।
शिवसेना के शिविर के सामने डीजे हटाकर किसी तरह से कांवड़ को निकाला। गुस्साए कांवड़ियों ने शिवचौक से अस्पताल तिराहे तक की पालिका की अस्थायी बेरिकेडिंग भी उखाड़ कर एक तरफ डाल दिया। शिव चौक से भी बहुत से तार हटा दिए। रात्रि में विद्युत निगम ने विभाग ने रात्रि में 12 बजे बिजली कट कर दी। सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई। रात्रि में मार्ग चार घंटे यहां पूरी तरह कांवड़ियों के हवाले रहा। शिव सेना के शिविर प्रभारी ललित मोहन शर्मा ने बताया कि कांवड़ियों के साथ उनके लोग भी पूरी रात मार्ग खुलवाने को लेकर जूझते रहे। रात्रि मेें उन्हें एक भी अधिकारी नहीं दिखाई दिया।
शिविरों, कांवड़ मार्ग पर छाया अंधेरा
मुजफ्फरनगर। शहर के बिल्कुल बीच में कांवड़ मार्ग पर अंधेरा छाया रहा। शिविरों में भी बिजली भाग जाने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के नेता संजय अरोरा ने बताया कि रात्रि में यहां भारी अव्यवस्था रही। उनका कहना है कि सफाई की व्यवस्था भी सुचारु नहीं रही। उन्होंने तो मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है।