मोमबत्ती जलाकर डीए की कटौती करने पर जताया रोष
मुजफ्फरनगर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद (अतुल मिश्र) और इप्सेक के आह्वान पर कर्मचारियों ने मजदूर दिवस मनाते हुए श्रमिकों के सम्मान में एवं अन्याय के खिलाफ मैदान में आने का आह्वान किया। मोमबत्तियां, टार्च एवं दीपक जलाकर प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों के छह प्रकार के भत्ते एवं डीए काटने पर भी रोष जताया।
जिलाध्यक्ष संजीव कुमार लांबा, मंत्री अनुज कुमार, मंडल अध्यक्ष सुधीर कुमार एवं संयोजक केसी राय ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के भत्ते एवं डीए की कटौती कर यह दर्शा रही है कि उसे कोरोना महामारी के दौरान कर्मचारियों के परिश्रम का अहसास नहीं है। सरकार एक तरफ तो कोरोना योद्धाओं के स्वागत की बात कहती है और दूसरी तरफ उनके भत्ते काट रही है। इस दौरान परिषद के विभिन्न घटक एलोपैथी, होम्योपैथी, यूनानी एवं पशु चिकित्सा विभाग के फार्मेसिस्ट, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, रोडवेज, वन, एआरटीओ, माध्यमिक शिक्षा आदि विभागों के कर्मचारियों ने भी सहभागिता की और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया। मौके पर शकुंतला सिंघल, राधा रानी शर्मा, कंचल बाला, जसवीर कौर, पवन गिरि, मोहम्मद हारून, शारदा लाल मिश्रा, अमरीश त्यागी, सुनील कुमार आदि रहे।