मुजफ्फरनगर। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में आठ दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ने वाले बुढ़ाना के गांव हुसैनपुर कलां निवासी अनस ने बुधवार शाम दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजनों व गांव में शोक छाया है। उसका शव बृहस्पतिवार को गांव में लाया जाएगा।
पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाने के बाद पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास करने वाला 23 वर्षीय अनस जलने आठ दिन तक मौत व जिंदगी से लड़ता रहा। 80 प्रतिशत तक जलने के बाद पिता मुर्सलीन ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। वह रुक रुक कर बोल रहा था। उपचार के बाद पहले तो उसे कुछ आराम मिला लेकिन बाद में शरीर पर सूजन बढ़ती जा रही थी। बुधवार शाम उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि वह तो बर्बाद हो गए। बेटा उन्हें छोड़ कर चला गया।
यह था मामला : अनस ने 19 नवम्बर की सुबह अपने घर पर पेट्रोल डाल कर आग लगा ली थी। उसे गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसने अपने वीडियो बयान में आरोप लगाया कि बुढ़ाना पुलिस ने उसे दुकान से उठाकर ले गई और फट्टों से पिटाई की। उससे पांच लाख रुपये की मांग की और न देने पर पैर में गोली मारकर जिंदगी भर अपाहिज बनाने की धमकी दी। बाद में उसे पचास हजार रुपये लेकर छोड़ा गया। हालांकि उसके पिता ने दो दिन बाद वीडियो बयान जारी कर बेटे के बयान को गलत ठहराया था।