खतौली समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंबुलेंस को धक्का देकर स्टार्ट करते हुए।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
धक्का देकर स्टार्ट करनी पड़ती है एंबुलेंस
मुजफ्फरनगर, खतौली। लगातार फैल रहे कोरोना संक्रमण के बावजूद सीएचसी पर उपलब्ध चार में से एक एंबुलेंस खराब है, इसे जरूरत पड़ने पर धक्का मारकर स्टार्ट करना पड़ता है। सीएमओ से एंबुलेंस ठीक कराने अन्यथा दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चार एंबुलेंस उपलब्ध हैं। इनमें से दो 108 सेवा और दो एंबुलेंस 102 सेवा की हैं। इनमें से एक एंबुलेंस अधिकांश समय खराब रहती है। एक ओर जहां कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, ऐसे समय में एंबुलेंस का खराब होना मरीजों की जान पर भारी पड़ रहा है। बुधवार को भी सीएचसी पर मौजूद एक एंबुलेंस से जब एक मरीज को अन्यत्र भेजना पड़ा तो एंबुलेंस स्टार्ट ही नहीं हुई। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा धक्का लगाकर इस एंबुलेंस को स्टार्ट करना पड़ा। कस्बे के लोगों से सीएमओ डॉ एमएस फौजदार से सीएचसी पर मौजूद खराब एंबुलेंस को ठीक कराने अथवा दूसरी एंबुलेंस भेजने की मांग की है।
मामले में सीएचसी प्रभारी डॉ पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि दो एंबुलेंस 108 व दो एंबुलेंस 102 हैं। ये सभी लखनऊ से मिली हैं। हाईवे अथॉरिटी की एंबुलेंस भी सीएचसी पर उपलब्ध रहती हैं। 102 सेवा की एंबुलेंस में बैटरी का तार हटने से उसमें स्टार्ट होने की समस्या हुई थी, जिसे ठीक करा लिया गया है।