धमात पुल पर मिली अलवर के युवक की बाइक
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। राजस्थान के जनपद अलवर निवासी युवक की बाइक रविवार सुबह धमात गंगनहर पुल पर लावारिस खड़ी मिली। बाइक के बैग से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें युवक ने जिंदगी से मायूस होकर आत्महत्या किए जाने की बातें लिखीं थीं। पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी है।
धमात गंगनहर पुल पर रविवार दोपहर एक संदिग्ध बाइक खड़ी मिली। घंटों से खड़ी बाइक की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच की. तो बाइक के बैग से एक सुसाइड नोट व एक कार्ड मिला। सुसाइड नोट गोपाल शर्मा (38) नामक युवक ने लिखा था, जिसमें उसने जिंदगी से मायूस होकर गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने की बातें लिखीं थीं। वहीं, कार्ड पर परिजनों के नाम-नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने कार्ड पर लिखे नंबरों पर बात की तो परिजनों ने व्हाट्सएप पर भेजे गए फोटो से बाइक की पहचान करते हुए सुसाइड नोट को भी गोपाल शर्मा का ही बताया। परिजनों के अनुसार, गोपाल शर्मा एक फरवरी को बाइक पर चचेरे भाई विशाल की शादी के कार्ड बांटने फरीदाबाद गया था। वहां से वह हरिद्वार घूमने जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद उसकी बाइक धमात पुल पर लावारिस मिलने की बात सामने आई। परिजनों ने बताया कि गोपाल के पास करीब 50 हजार रुपये नगद भी थे। उन्होंने परिवार से उसके किसी भी तरह के विवाद की बात से भी इंकार किया। युवक के भाई राकेश शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका के चलते पुलिस शव की गंगनहर में तलाश भी कर रही है।