बुढ़ाना। जोगिया खेड़ा गांव में राशन की दुकान के आवंटन हेतु आयोजित बैठक में महिला प्रधान न आने के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका। जिस कारण कारण प्रस्ताव पास नहीं हुआ और राशन की दुकान का आवंटन टल गया।
तहसील क्षेत्र के गांव जोगिया खेड़ा में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का आवंटन मंगलवार को होना था। संबंधित सभी अधिकारी और ग्रामीण गांव के प्राथमिक विद्यालय में एकत्रित हो गए। गांव के ही दूसरे पक्ष के एक ग्रामीण अजरुदीन ने सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन हेतु अपने नाम का पर्चा पेश किया। गांव की महिला ग्राम प्रधान फरमीदा मीटिंग में नहीं पहुंची। जिस कारण कोरम पूरा नहीं हो सका। सरकारी दुकान के आवंटन का प्रस्ताव टल गया। एडीओ पंचायत मुकुट राज ने बताया कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का आवंटन अब 17 फरवरी को होना निश्चित किया गया है। यदि ग्राम प्रधान फिर बैठक में नहीं आईं तो नियमानुसार एडीओ पंचायत की अध्यक्षता में बैठक होगी। मौके पर एडीओ पंचायत मुकुट राज, ग्राम पंचायत सचिव आर्यन, लेखपाल सहित पुलिस भी मौजूद रहे।