- पुलिस की दो टीम कर रही आरोपियों की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस तावली निवासी मोहसीना की हत्या के मामले में अभी तक एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। तीनों आरोपियों को पुलिस की दो टीम तलाश रही है।
शाहपुर थाने के गांव हरसौली निवासी मोहसीना की शादी 13 साल पहले गांव तावली निवासी राशिद के साथ हुई थी। पिछले काफी दिनों से पति-पत्नी में मनमुटाव चल रहा था। आरोप था कि राशिद के किसी महिला के साथ अवैध संबंध थे और मोहसीना इसका विरोध करती थी। इसी के चलते विवाद था।
आरोप रहा कि तीस अगस्त की रात में मोहसीना की पीटकर व गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बेटी की ससुराल जाकर हंगामा किया था। इस मामले में मृतका के भाई नसीम ने राशिद, उसके तीन भाइयों आस मोहम्मद, मतलूब व कल्लू व एक महिला के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पति व जेठ आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया था। अभी तीन आरोप गिरफ्तार नहीं किए जा सके।
वादी नसीम ने आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की। उधर, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि पुलिस की दो टीम आरोपियों की तलाश में लगी है।