रतनपुरी क्षेत्र में घने कोहरे के बीच लाइट जलाकर गुजरते वाहन।
मुजफ्फरनगर। जनपद में वायु प्रदूषण का ग्राफ फिर से बढ़ गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक 313 दर्ज किया गया। कुछ दिन की राहत के बाद वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी दर्ज की गई। करीब एक सप्ताह से वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से नीचे चल रहा था। सोमवार को वातावरण में वायु प्रदूषण के बढ़ने से सांस, अस्थमा और हृदय रोगियों की मुश्किल बढ़ गई। कोहरे के कारण वाहनों चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ठंड का मौसम अपनी पराकाष्ठा पर पहुंच रहा है। सोमवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। आसमान में स्मॉग की स्थिति बन रही है। दोपहर के बाद हल्की धूप निकली। हवा में प्रदूषण की मात्रा बढ़ने से लोगों को दिक्कत भी हुई। एनसीआर क्षेत्र में काफी पहले से वायु प्रदूषण का ग्राफ बढ़ रहा है।
मानकों का उल्लंघन होने के कारण वायु प्रदूषण के स्तर में और भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। शहर के भोपा और जौली रोड सहित मेरठ एवं शामली रोड पर वाहनों के चलने के साथ उड़ती धूल के कण लोगों के फेफड़ों में सांस के साथ पहुंच रहे हैं। गुड़ कोल्हुओं के आसपास उठते धुएं के कारण भी वायु प्रदूषण बढ़ा है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ. गीतेश चंद्र का कहना है कि वायु प्रदूषण बढ़ाने वाले कारकों को नियंत्रित किया जा रहा है।