मुजफ्फरनगर। दिवाली के बाद जनपद में वायु प्रदूषण का ग्राफ ऊपर-नीचे हो रहा है। शुक्रवार को प्रदूषण में कमी आई थी और एक्यूआई 185 पर पहुंच गया था लेकिन शनिवार को प्रदूषण में बढ़ोतरी दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़कर 205 पर पहुंच गया।
मौसम में बदलाव के बाद से वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है। दिवाली के बाद शाम के समय आसमान में फॉग भी नजर आने लगा है। एक सप्ताह में पांच बार जनपद का एक्यूआई 200 के पार पहुंचा है। हवा की गुणवत्ता खराब होने से सांस और अस्थमा रोगियों की परेशानी बढ़ गई है। एनसीआर क्षेत्र में ग्रेप-टू की पाबंदियां लागू हैं। प्रदूषण नियंत्रण विभाग के निर्देश पर फैक्टरियों के माध्यम से परिसर और आसपास क्षेत्र में पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। शहर में नगर पालिका की देखरेख में एंटी स्मॉग गन से वायु प्रदूषण पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ.गीतेश चन्द्रा का कहना है कि वायु प्रदूषण कम करने के लिए फैक्टरी संचालकों से सहयोग लिया जा रहा है। निकायों को भी छिड़काव के लिए लिखा गया है।
एक सप्ताह में यह रही वायु प्रदूषण की स्थिति
तिथि एक्यूआई
19 अक्तूबर 237
20 अक्तूबर 187
21 अक्तूबर 210
22 अक्तूबर 273
23 अक्तूबर 295
24 अक्तूबर 185
25 अक्तूबर 205