बुढ़ाना में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देते अधिवक्ता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। न्याय शुल्क में वृद्धि तथा किराया नियंत्रण अधिनियम की समाप्ति के विरोध में संघर्ष समिति हाई कोर्ट बैंच के आह्वान पर बार एसोसिएशन बुढ़ाना के अधिवक्ताओं ने भी अपना विरोध प्रकट किया। अधिवक्ताओं ने उप निबंधक कार्यालय पर ताला लगा दिया। अधिवक्ताओं ने एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया।
संघर्ष समिति हाई कोर्ट बैंच के आह्वान पर बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन बुढ़ाना के अधिवक्ताओं ने न्याय शुल्क में वृद्धि तथा किराया नियंत्रण अधिनियम की समाप्ति का जमकर विरोध किया। बार एसोसिएशन बुढ़ाना के महासचिव विश्वास त्यागी के नेतृत्व में अधिवक्ता उप निबंधक कार्यालय पर पहुंचे तथा उप निबंधक कार्यालय पर ताला लगा दिया। अधिवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल उप जिलाधिकारी अरुण कुमार के कार्यालय पहुंचा। अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को दिया।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि न्याय शुल्क में वृद्धि का आम जनता पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। सस्ता व सुलभ न्याय का सिद्धांत समाप्त हो गया है। अधिवक्ताओं ने किरायेदारी विनिमय अधिनियम पर भी अपना विरोध जताया। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री से दोनों बिंदुओं का संज्ञान लेते हुए वादकारियों के आर्थिक हित में इन्हें वापस लेने की मांग की। अधिवक्ताओं ने आज न्यायालयों में काम नही किया तथा न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। ज्ञापन देने वालों में बार एसोसिएशन बुढ़ाना के महासचिव विश्वास त्यागी व वरिष्ठ उपाध्यक्ष स्वतंत्रवीर आर्य सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं की हड़ताल समाप्त
बुढ़ाना। तहसीलदार तथा तहसीलदार न्यायिक के न्यायालय में फाईलों के लंबित होने तथा अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार होने के विरोध में जारी अधिवक्ताओं की हड़ताल का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। इस मुद्दे को लेकर अधिवक्ताओं की आम सभा की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में हड़ताल खोलने अथवा जारी रखने को लेकर अधिवक्ताओं की राय ली गई। बार एसोसिएशन के महासचिव विश्वास त्यागी ने बताया कि अधिकतर अधिवक्ताओं की राय हड़ताल समाप्त करने के पक्ष में आई। उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी ने भी आश्वासन दिया है कि लंबित चल रही फाइलों का निस्तारण जल्दी करवाया जाएगा। उप जिलाधिकारी के आश्वासन तथा अधिवक्ताओं की बहुमत के साथ आई राय के आधार पर हड़ताल समाप्त करने की घोषण की गई। आम सभा की बैठक में अध्यक्ष व महासचिव सहित बार एसोसिएशन दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद