नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शांति की अपील करते अधिकारी
- फोटो : DEVBAND
अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करेगा प्रशासन : एसडीएम
देवबंद (सहारनपुर) नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जनपद में धारा 144 लागू है। जिसके मद्देनजर जुलूस, धरना प्रदर्शन, रैलियां आदि के आयोजन पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाई है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने का काम करेगा तो उसे चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने गांवों और नगर में शांति समिति की बैठकें आयोजित की।
एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि नागल ब्लाक के विभिन्न गांवों में ग्राम प्रधानों, सचिवों और संभ्रांत लोगों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें लोगों को नागरिकता संशोधन कानून के संबंध में जानकारी दी गई। लोगों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था व भाईचारा कायम रखने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने का काम करेगा तो उसके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। वहीं, नगर के मोहल्ला पठानपुरा, गुज्जरवाड़ा, कायस्थवाड़ा, शास्त्री नगर आदि में भी वार्ड वाइज मीटिंग आयोजित की गई। जिसमें वार्ड सभासदों और मोअज्जिज लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि नागरिकता संशोधन कानून से किसी भी नागरिक का अहित नहीं होगा। इसलिए कानून का सम्मान करें। अफवाहें फैलाने वालों से सावधान रहें। प्रशासन की ऐसे लोगों पर कड़ी निगाह है। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से जुमे की नमाज अदा करने के बाद क्षेत्र में शांति का वातावरण बनाने पर जोर दिया। इस मौके पर सीओ चौब सिंह, कोतवाल यज्ञदत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।