फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशासन ने हाईवे पर 50 मौतों की वजह बने धर्मस्थल को तोड़ा

Fri, 16 Feb 2018 12:06 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
धर्मस्थल को तोड़ती जेसीबी मशीन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सात साल से अधूरे पड़े फ्लाईओवर में बाधा बने धर्मस्थल को बृहस्पतिवार को गिरा दिया गया। अधूरे पड़े फ्लाईओवर की वजह से अक्सर लोग हादसे का शिकार होते रहे हैं। इस मामले के निराकरण में  सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान के प्रयास रंग लाए।
विज्ञापन


प्रशासन और कमेटी के लोगों के बीच वार्ता हुई, जिसमें आपसी समझौता हुआ। दूसरे स्थान पर धर्मस्थल के निर्माण के लिए 36 लाख रुपये आरटीजीएस किए गए। जमीन का मुआवजा नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से अलग से मिलेगा। 

एनएच-58 पर संधावली गांव के पास अधूरा पड़ा फ्लाईओवर मौत का जंक्शन बना हुआ था। फ्लाईओवर के नीचे धर्मस्थल होने के कारण सात सालों से फ्लाईओवर अधूरा पड़ा हुआ था। फ्लाईओवर पर एक लेन ही बनने से तेजी से आने वाले वाहन यहां अक्सर हादसे का शिकार होते रहते हैं।
विज्ञापन


इन हादसे में अब तक 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी हैं। इन मौतों के चलते लगातार यह मांग उठ रही थी कि फ्लाईओवर का निर्माण पूरा किया जाए। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने भी अधूरे कार्य पूरे कराने के लिए 210 करोड़ रुपये जारी किए थे।

इसके बाद सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने प्रशासनिक और हाईवे अथारिटी के अधिकारियों की बैठक ली। धर्मस्थल की प्रबंध समिति से प्रशासन की कई बार वार्ता हुई। समझौता वार्ता के सफल होने के बाद बृहस्पतिवार को धर्मस्थल को नेशनल हाईवे से हटा दिया गया। एसडीएम सदर कुमार धर्मेद्र, तहसीलदार रंजीत सिंह और सीओ खतौली राजीव कुमार की मौजूदगी में धर्मस्थल पर गिराया गया।

इस अवसर पर पीएसी और पुलिस बल काफी संख्या में मौजूद रहा। एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि कमेटी के साथ हुए समझौते के बाद धर्मस्थल के निर्माण के लिए 36 लाख रुपये कमेटी के खाते में आरटीजीएस कर दिए गए हैं। जमीन की चार गुणा कीमत नेशनल हाइवे अथॉरिटी अलग से देगी। 

बालियान ने पुल से देखी कार्रवाई 
मुजफ्फरनगर। सांसद डॉ संजीव बालियान मौत का जंक्शन बने संधावली पुल को पूरा कराने के लिए कई वर्षों से कार्रवाई में जुटे थे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी दौरा कराया था। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई के दौरान सांसद डॉ संजीव बालियान भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने फ्लाईओवर पर पहुंचकर कार्रवाई को देखा।

बालियान ने बताया कि उन्होंने चुनाव में जनता से वादा किया था कि इस पुल का निर्माण पूरा कराकर रहेंगे। उनके कार्यकाल की यह बड़ी उपलब्धि है। बालियान ने इस फ्लाईओवर की बाधा दूर करने में सहयोग करने वाले लोगों का भी शुक्रिया अदा किया।

कार्रवाई से पहले ही हटा लिया सामान 
मुजफ्फरनगर। धर्मस्थल पर जेसीबी चलाने से पहले वहां रखा समस्त सामान हटा लिया गया था। धर्मस्थल की प्रबंध कमेटी के लोगों ने सामान की व्यवस्था पहले ही दूसरे स्थान पर कर दी थी। कुछ लोगों ने विरोध का प्रयास किया तो अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कर दिया। उन्हें बताया कि समझौता हो गया है। धर्मस्थल का निर्माण अन्यत्र होगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें