देवबंद कोतवाली में अधीनस्थों की मीटिंग लेते एडीजी जोन राजीव सब्बरवाल
- फोटो : SAHARANPUR
देवबंद। एडीजी राजीव सभरवाल ने सोमवार को देवबंद पहुंचकर चुनाव के संबंध में अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए, साथ ही संवेदनशील पोलिंग बूथों का निरीक्षण भी किया।
सीओ कार्यालय में एडीजी राजीव सभरवाल ने एसएसपी आकाश तोमर, एसपी (देहात) अतुल शर्मा और सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी के साथ बैठक की। इस दौरान एडीजी ने दूसरे चरण में 14 फरवरी को होने वाले मतदान के संबंध में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में वार्ता की। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में कोई भी कोताही न बरतने को निर्देशित किया। इसके बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ सांपला, थीतकी समेत कई संवेदनशील पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया, साथ ही उन स्थानों का भी निरीक्षण किया जहां पर फोर्स ठहरेगी। सीओ ने बताया कि एडीजी ने चुनाव के संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं। वहीं, एसएसपी आकाश तोमर ने देवबंद कोतवाली के बाद नागल थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने जाना कि कितने लोग चुनाव में मुचलका पाबंद किए गए हैं। कोतवाली का रिकार्ड भी चेक किया गया। लंबित मामलों के संबंध में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रभाकर केंतुरा आदि रहे।