-मामले में एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर/पुरकाजी। पुरकाजी में जानलेवा हमला करने के आरोपियों ने मुकदमे के वादी व परिजनों को गवाही देने पर हत्या की धमकी दी है। ऐसा आरोप लगाकर पुरकाजी थाने में एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुरकाजी के गांव गोधना निवासी शोएब आलम ने बताया कि उसने एसएसपी को शिकायत पत्र दिया था कि गांव के ही जाहिद आदि ने उसके व उसके परिवार वालों पर 2020 में जान से मारने की नीयत से हमला किया था। इसमें उसे व उसके चाचा कयूम को गंभीर चोट आई थी। चचेरे भाई आसू ने जाहिद आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जो कोर्ट में विचाराधीन है और साक्ष्य में चल रहा है।
पीड़ित ने कहा कि वह मुकदमे के वादी आसू के साथ कोर्ट में साक्ष्य के लिए आया था। हड़ताल होने के कारण साक्ष्य नहीं हो सका। वहां आसू को आरोपी पक्ष के सनव्वर व शमशाद ने धमकी दी। मुकदमे में अब पांच सितंबर की तारीख लगी है। आरोप है कि वह अपने चाचा कयूम व चचेरे भाई आसू के साथ खेत पर जा रहा था, जाहिद, सनव्वर, बाबू, अंसार, शमशाद आदि तमंचे लेकर आए। आरोप है कि उन्हें गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुरकाजी पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।