मुजफ्फरनगर। डेरा चलाने वाले मंगलामुखी पर एक युवक ने मंगलामुखी बनाने, जेंडर बदलवाने व धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया हैै। एसएसपी के आदेश पर नई मंडी कोतवाली पुलिस को जांच के आदेश दिए गए है।
नई मंडी थाना क्षेत्र के एक मोेहल्ले में रहने वाले युवक ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि पूर्व में वह भजन-कीर्तन कार्यक्रमों में महिला का किरदार निभाकर नृत्य करता था। उसका विवाह भी हुआ। लेकिन वैवाहिक संबंध लंबे समय तक सही न चलने के कारण तलाक हो गया। मंगलामुखी का डेरा चलाने वाले एक व्यक्ति से 2016 में उसकी पहचान थी। लगभग 2 हजार रुपये प्रतिदिन की कमाई का लालच देकर उसे टोली में शामिल करने के बाद दिल्ली ले जाकर उसका जेंडर बदलवा दिया। डेरा संचालक व उसके साथियों ने उस पर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव भी बनाया। वह आरोपी लोगों से परेशान होकर राजस्थान चला गया। दबाव बनाकर उसे वापस मुजफ्फरनगर बुलाया। आरोप लगाया कि यह एक संगठित गिरोह है। जो युवाओं को पैसों का लालच देकर उनका जेंडर बदलवाता है और धर्म परिवर्तन कराता है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत को कार्रवाई कराने के आदेश दिए। उन्होंने नई मंडी कोतवाली पुलिस को जांच सौंप दी है।
-