बुढ़ाना। खंभे पर चढ़कर एचटी लाइन का जंफर जोड़ते समय बिजली मिस्त्री करंट की चपेट में आ गया। करंट के झटके से वह खंभे से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी के मुकदमा दर्ज करवाने के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
कस्बे के मोहल्ला कृष्णापुरी का रहने वाला नाथी बिजली का काम करता था। नाथी अधिकतर बिजली के खंभों पर तार जोड़ने, केबिल लगाने तथा अन्य बिजली संबंधी कमियां दूर करने का कार्य करता था। वह प्राइवेट बिजली ठेकेदार के पास रहकर भी कार्य करता था। मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे कस्बे के मोहल्ला शाहवाड़ा का रहने वाला सोनू नाथी को बुलाकर अपनी ट्यूबवेल पर ले गया।
आरोप है कि सोनू ने बिजली कर्मचारियों की मिली भगत से अवैध रूप से अपनी ट्यूबवेल पर बिजली के तार खींच रखे हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी एसपी शर्मा ने बताया कि सोनू ने अपनी ट्यूबवेल पर बाजार से खरीदा हुआ निजी ट्रांसफार्मर भी लगा रखा है। नाथी सोनू की ट्यूबवेल चलाने के लिए एचटी लाइन का जंफर ट्रांसफार्मर की लाइन से जोड़ने लगा। इसी दौरान एचटी लाइन में करंट आ गया।
करंट लगने से नाथी खंभे से नीचे गिर गया। उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और अन्य लोगों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया और बुढ़ाना-मुजफ्फरनगर मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ एसपी शर्मा ने परिजनों को समझाया कि बिजली कर्मचारियों और ट्यूबवेल मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
आर्थिक सहायता के लिए प्रशासन को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे दीपक ने ट्यूबवेल मालिक सोनू, रमेश सैनी, बिजली के एसएसओ तथा जेई देहात के विरुद्ध रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। दूसरी ओर विद्युत विभाग द्वारा भी ट्यूबवेल मालिक के खिलाफ अवैध रूप से लाइन खींचकर बिजली चोरी कर ट्यूबवेल चलाने की तहरीर कोतवाली में दी गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी एसपी शर्मा ने बताया कि घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।