मोरना। भेड़ाहेड़ी गांव के पास बुधवार को साइकिल सवार युवक को कार चालक रौंदकर फरार हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिनाख्त पर परिजन बुलाए और शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया। तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोरना निवासी बालेंद्र (25) उर्फ मिंटू पुत्र सौराज घर से साइकिल पर चौरावाला में घर के काम से निकला था। दुपहर करीब एक बजे भेड़ाहेड़ी के पास अचानक पीछे से आई बोलेरो कार ने बालेंद्र को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के काफी लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मोबाइल से मिले फोन नंबर पर कॉल करने के बाद शव की शिनाख्त की गई।
मृतक के भाई राहुल और परिवार के अन्य सदस्य पहुंच गए। बालेंद्र के पिता सौराज ने आसपास के लोगों से मिली जानकारी के बाद परिजनों को आरोपी की बोलेरो कार का नंबर पुलिस को दिया। साथ ही अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके कार की खोजबीन शुरू कर दी है।