ई रिक्शा के ऊपर रखें खराब एसी को पहनाई गई माला स्रोत वीडियो
मुजफ्फरनगर। एक साल पहले खरीदे गए एयर कंडीशनर में खराबी को लेकर माहौल खूब गरमाया। ग्राहक ने एसी को ई-रिक्शा पर रखकर जुलूस निकालना शुरू कर दिया। पुलिस ने ई-रिक्शा को रोका, जिसके बाद ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद बढ़ गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों का शांति भंग की आशंका में चालान किया है।
कंबल वाला बाग निवासी आयुष जैन ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले नई मंडी स्थित दुकानदार वासु से एसी खरीदा था। आरोप है कि एसी पहले दिन से ही खराब है और उसकी मोटर चलते हुए बंद हो जाती है। शिकायत करने पर दुकानदार ने ठीक कराने के लिए 14 हजार रुपये की मांग रखी।
बुधवार सुबह के समय आयुष जैन ने अपने परिवार के साथ खराब एसी को ई-रिक्शा पर रखकर नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में जुलूस निकाला। ई-रिक्शा पर एक फ्लेक्सी भी लगी थी, जिस पर गारंटी और वारंटी को लेकर टिप्पणी की गई थी।
पुलिस ने भोपा रोड पर ई-रिक्शा को रोककर ऐसा नहीं करने की सलाह दी। इसी दौरान दुकानदार भी मौके पर पहुंच गया, जिससे दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई। ग्राहक ने पुलिस के सामने दुकानदार पर अभद्रता का आरोप लगाया।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया और बातचीत कराई गई। इसके बाद दुकानदार पक्ष से वासू का चालान किया गया है। ग्राहक पक्ष से आयुष जैन और यश जैन का शांतिभंग में चालान किया गया है।