आधार कार्ड बनवाने के लिए यहां जनता को प्रतिदिन बैंकों के बाहर जंग लड़नी पड़ती है। चार-चार घंटे में लाइन में खड़े होनेे के बाद ही कहीं नंबर आ पाता है। गर्मी के मौसम में मंगलवार को एक लड़की तो चार घंटे लाइन में लगे होने के बाद बेहोश हो गई। इससे मौके पर अफरातफरी का आलम हो गया। जिले में 33 बैंकों को आधार के कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें 14 मुजफ्फरनगर शहर में हैं।
केंद्र सरकार ने आधार कार्ड को अनिवार्य किया हुआ है। प्रत्येक दस्तावेज में आधार कार्ड ही लग रहा है। जिन लोगों का आधार कार्ड अभी तक नहीं बना उन्हें अब बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन लोगों के नाम, पते आदि में कुछ गलती है तो उनके लिए करेक्शन कराना मुश्किल काम हो गया है। आधार बनाने और करेक्शन करने की जिम्मेदारी अब चुनिंदा बैंकों और पोस्ट ऑफिस को दे दी गई है।
मुजफ्फरनगर जिले में 33 बैंक और पोस्ट ऑफिस में इसके सेंटर लगाए गए हैं। शहर में 14 स्थानों पर आधार बनाने और करेक्शन करने का कार्य हो रहा है। यहां हालात यह है कि बैंकों के बाहर सुबह साढे़ छह बजे से ही कतार लग रही है। बैंक कर्मचारी प्रतिदिन लाइन के आगे के बीस लोगों को ही आधार का फार्म देते हैं। बाकी को अगले दिन लाइन में लगना पड़ता है। शहर में सबसे ज्यादा मारामारी मेरठ रोड के सिंडिकेट बैंक और अंसारी रोड के बैंकों में है।
सिंडिकेट बैंक में चार घंटे तक लाइन में लगने के बाद भी आवेदन फार्म नहीं मिलने से नाराज खालापार के आरिफ का कहना है कि जब आधार कार्ड को मूल दस्तावेज बना दिया है तो आम नागरिकों का ख्याल भी रखना चाहिए। दो दिन वह चार घंटे तक लाइन में लग चुका है। खालापार की फायजा सुबह साढ़े छह बजे से लाइन में लगी थी। चार घंटे में लाइन में लगे रहने के कारण गर्मी में फायजा बेहोश हो गई।
शहर में इन 14 स्थानों पर बनते हैं आधार कार्ड
मुजफ्फरनगर। कोर्ट रोड के इंडियन बैंक ऑफ इंडिया, दि नैनीताल बैंक, प्रकाश चौक के यूको बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, सदर बाजार के आईडीबीआई बैंक, इंडियन बैंक महावीर चौक, सिंडिकेट बैंक मेरठ रोड, आईसीआईसीआई बैंक जैन बिल्डिंग, इंडियन ओवरसीज बैंक आर्यपुरी, पीएनबी हनुमान चौक के साथ डाकघर गांधी कालोनी, कचहरी कंपाउंड और सिटी ऑफिस शामिल हैं।
डाकघरों की गति धीमी
मुुजफ्फरनगर। आधार कार्ड के कार्य में डाकघरों की गति सबसे धीमी है। गांधी कालोनी के डाकघर पर बीते 30 दिनों में केवल दस आधार कार्ड बने हैं और 29 में करेक्शन हुआ है। कचहरी कंपाउंड के डाकघर में रिजल्ट जीरो है। न तो नया आधार कार्ड बना है और न ही करेक्शन हुआ है। सिटी पोस्ट ऑफिस शिवचौक पर नया एक भी नहीं बना, 21 अपडेट हुए हैं।
बुढ़ाना के डाकघर में केवल पांच नए आधार कार्ड बने और 30 अपडेट हुए। रोहाना मिल डाकघर का रिजल्ट जीरो है। जानसठ के डाकघर में 39 नए बने और 139 में करेक्शन हुआ। नईमंडी डाकघर में 41 नए बने और 263 अपडेट हुए। भोपा डाकघर का रिजल्ट भी जीरो रहा। सिसौली में 37 नए और 91 अपडेट हुए। खतौली के डाकघर में बीते 30 दिन में न तो कोई नया बना और न ही कोई आधार कार्ड अपडेट हुआ।
बैंकों के कार्य में संतुलन नहीं
मुजफ्फरनगर। आधार कार्ड बनाने में कुछ बैंक तो अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ में नाम मात्र का ही काम हो रहा है। कोर्ट रोड के इंडियन बैंक ऑफ इंडिया में बीते 30 दिनों में 78 नए आधार बने और 362 अपडेट हुए। सदर बाजार के आईडीबीआई में 38 बने और 150 अपडेट हुए। रुड़की रोड के बैंक ऑफ बड़ौदा में 95 नए बने और 240 अपडेट हुए। महावीर चौक के इंडियन बैंक में 297 बने और 676 अपडेट हुए। मेरठ रोड के सिंडिकेट बैंक में 361 नए बने और 624 अपडेट हुए। इंडियन ओवरसीज बैंक आर्यपुरी में केवल तीन बने और 13 अपडेट हुए। प्रकाश चौक के यूको बैंक में 24 बने और 86 अपडेट हुए।
एक दिन में 20 से अधिक बनना संभव नहीं: बुंदेला
मुजफ्फरनगर। जिले के लीड बैंक मैनेजर अमित बुंदेला का कहना है कि जिन बैंकों में आधार कार्ड के केंद्र बनाए गए हैं, उनमें एक कर्मचारी इसी काम पर लगा है। एक आधार बनाने में 15 मिनट लगते हैं। एक दिन में 20 से अधिक बनाना संभव नहीं है। जिन बैंकों में ज्यादा भीड़ लग रही है उनमें टोकन की व्यवस्था करा दी जाएगी, जिससे लोगों को लाइन में खड़े होने की जरूरत न पड़े। कुछ बैंक बिल्कुल खाली रहते हैं, लोगों को उनमें भी जाना चाहिए। एक या दो बैंकों पर ही सारा जोर न दें। डाकघरों में भी लोग जा सकते हैं।