तितावी। गर्मी से राहत पाने के लिए हिंडन नदी में नहाने गए तीन दोस्तों में से एक डूब गया। दोस्त के डूबने से दोनों युवक घबरा गए। उन्होंने किसी से जिक्र नहीं किया। पुलिस ने शिकायत मिलने पर दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। गोताखोरों की मदद से युवक की नदी में तलाश शुरू कराई है।
गांव नगला पिथौरा निवासी गौरव ओर उसके दो दोस्त करण व शिवम बुधवार दोपहर बाद जसोई हिंडन नदी में जसोई घाट पर नहाने गए थे। तीनों आइस क्रीम बेचने का काम करते है । वहां नहाते समय गौरव डूब गया। नहाने के बाद शिवम ओर करण वापिस अपने घर आ गए।
घर न लौटने पर गौरव के परिजनों ने रात भर तलाश की लेकिन वह नही मिला। सुबह जसोई जाकर आइस क्रीम फैक्टरी मालिक समीर से गौरव के बारे में जानकारी ली गई तो समीर ने बताया कि गौरव यहां नहीं आया। वह बुधवार को करण ओर शिवम के साथ गया था ।
परिजनों ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि नहाते हुए वह नदी में डूब गया। उन्होंने घबराहट में किसी को नही बताया। बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर-ट्राॅली में ग्रामीण थाने पहुंचे। गौरव को तलाश करने की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने समझा कर उन्हें शांत किया ।
दोनों युवकों करण ओर शिवम को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गोता खोरों से युवक की तलाश शुरू कराई गई। लेकिन देर शाम तक सफलता नही मिली।थाना पुलिस ने बताया कि अभी तक तहरीर नही दी गई है।