बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, बेटा गंभीर
मुजफ्फरनगर, मोरना। गांव सिकंदरपुर-जड़वड़ कटिया के बीच रविवार देर शाम हुई बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव टंडेढ़ा निवासी कामिल (45) रविवार शाम 12 साल के बीमार चल रहे बेटे आरिफ को दवा दिलाने बाइक से मीरापुर गया था। शाम करीब सात बजे कामिल बेटे को दवा दिलाकर घर लौट रहा था। जैसे ही पिता-पुत्र बाइक से गांव सिकंदरपुर-जडवड़ कटिया के बीच पहुंचे, सामने से आती दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कामिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, दूसरी बाइक पर सवार लोग अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर वहां से चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आरिफ को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है।