मुजफ्फरनगर। अपहृत नाबालिग छात्रा को तलाश करने व धमकी देने के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर संयुक्त हिंदू मोर्चा के कार्यकर्ताओं व परिजनों ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर तीन घंटे धरना दिया।
वहां पहुंचे शहर कोतवाली प्रभारी का विरोध जताते हुए नारेबाजी की। उनकी तरफ चूड़ियां भी फेेंकी। एएसपी व सीओ नई मंडी के समझाने पर रविवार तक किशोरी को तलाश करने का समय देकर धरना समाप्त किया।
एक गांव निवासी छात्रा का एक सप्ताह पहले अपहरण कर लिया गया था। उसको तलाश करने की मांग को लेकर संयुक्त हिंदू मोर्चा के कार्यकर्ता व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा पीड़ित परिवार के सदस्य दोपहर में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल आवास पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सभी ने छात्रा को तलाश करने व परिजनों को धमकी देने वाले अबरार की गिरफ्तारी की मांग की। धरने पर पहुंचे शहर कोतवाल बबलू सिंह का विरोध जताते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। आरोपियों का समर्थन करने का आरोप लगाकर महिलाओं ने उनकी तरफ चूड़ियां भी फेंकी।
इस दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल लखनऊ थे। मोबाइल पर वार्ता कर प्रदर्शनकारियों ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी देर शहर कोतवाली प्रभारी को हटाने की मांग की। एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा व सीओ नई मंडी राजू राव सिंह ने पहुंच कर उन्हें समझाना चाहा लेकिन लोगों ने मांगे पूरी न होने तक धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। दोनों अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। इस संबंध में वीडियो भी दिखाया गया। छात्रा को 24 घंटे में तलाश करने के आश्वासन व पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती करना बताया। लोगों ने पुलिस को छात्रा को रविवार शाम तक तलाश करने का समय देकर धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान संयुक्त हिंदू मोर्चा अध्यक्ष मनोज सैनी, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष ललित माहेश्वरी, डॉ. योगेंद्र शर्मा, राधेश्याम विश्वकर्मा, शिव कुमार शर्मा, क्रांतिकारी शालू सैनी, अंकुर राणा, राजेश कश्यप, शैंकी शर्मा, सुमित बजरंगी, आशीष शर्मा, दीपक गुर्जर, रोहित आदि शामिल रहे।